
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मंगलवार, 11 मार्च, 2025 को बलूच विद्रोहियों ने एक ट्रेन को अगवा कर लिया, जिसमें 500 से ज्यादा यात्री सवार थे। इस हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस हमले के पीछे भारत का हाथ है और अफगानिस्तान से इन हमलों को संचालित किया जा रहा है।
बलूच विद्रोहियों ने इस ट्रेन हाईजैक की जिम्मेदारी ली है, जिसमें उन्होंने 214 यात्रियों को बंधक बनाए जाने का दावा किया है। विद्रोहियों ने महिलाओं और बच्चों को रिहा कर दिया, लेकिन पाकिस्तानी सेना के जवानों और सरकारी अधिकारियों को बंधक बना लिया। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और ट्रेन को पटरी से उतारने का दावा किया है।

राणा सनाउल्लाह ने भारत पर अफगानिस्तान में बैठकर इन हमलों की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) दोनों का समर्थन कर रहा है और इन समूहों को अफगानिस्तान में सुरक्षित ठिकाने मिल रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने अफगान सरकार को चेतावनी दी कि अगर इन गतिविधियों को नहीं रोका गया, तो पाकिस्तान को खुद कार्रवाई करनी पड़ेगी।
राणा सनाउल्लाह ने यह भी कहा कि तालिबान के सत्ता में आने के बाद इन हमलों में इजाफा हुआ है, और अब ये संगठन खुलेआम अपनी गतिविधियाँ चला रहे हैं। पाकिस्तान ने अफगान सरकार से साफ कहा है कि अगर इन गतिविधियों को तुरंत नहीं रोका गया, तो पाकिस्तान इन ठिकानों को निशाना बना सकता है।