
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने से मौसम में ठंड थोड़ी बढ़ गई है। हालांकि, सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार व शनिवार दोनों दिन दिल्ली में बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। नोएडा में गुरूवार को दिन में हुई हल्की बूंदाबांदी से दिन का तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आने से कुछ राहत मिली। हालांकि गुरूवार फरवरी की सबसे गर्म रात रही। 17.3 डिग्री तापमान ने रात में लोगों को गर्मी का एहसास कराया।
दरअसल बृहस्पतिवार की सुबह फरवरी में अब तक 74 वर्षों में सबसे अधिक गर्म रही. इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि दिन में 18 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ठंडी हवाएं चलने से पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी बादल छाए रह सकते हैं। गरज के साथ हल्की या बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि कई सालों बाद ऐसा हुआ है कि फरवरी में रात का तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा हो। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 31 को पार कर चुका था। जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि दिन में हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को दिन में गर्मी से कुछ राहत दी। आने वाले दो दिन हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण मौसम में कुछ हद तक बदलाव आएंगे, लेकिन दो दिन बाद तापमान बढ़ने से गर्मी परेशान करेगी। आईएमडी के अनुसार दो दिन अधिकतम तापमान 25 से 26 तक रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मार्च के पहले सप्ताह में बादल छाए रहने से तापमान में कुछ हद तक गिरावट रहेगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत होगी।
वहीं राहत की बात प्रदूषण में राहत शहर का एक्यूआई 97 और ग्रेटर नोएडा का 143 रहा जोकि संतुष्ट की श्रेणी में रहा। प्रदूषण न होने से सांस के मरीजों की संख्या भी घटने लगी है।