
दिल्ली विधानसभा चुनावों में सत्ता गंवाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। गृह मंत्रालय ने भ्रष्टाचार के मामलों में इन दोनों नेताओं के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए मंजूरी दे दी है। इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय ने जानकारी साझा की है।
दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय ने पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17-A के तहत जांच के लिए गृह मंत्रालय से स्वीकृति मांगी थी। अब गृह मंत्रालय ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है, जिससे सिसोदिया के खिलाफ जांच का रास्ता साफ हो गया है।
इसी तरह, दिल्ली के पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ भी सतर्कता विभाग ने जांच की इजाजत मांगी थी। गृह मंत्रालय ने इस मामले में भी मंजूरी दे दी है, जिससे अब सत्येंद्र जैन के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ सकेगी।
गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पहले से ही अलग-अलग मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गृह मंत्रालय की इस मंजूरी के बाद दोनों नेताओं की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के इन प्रमुख नेताओं पर भ्रष्टाचार के मामलों में बढ़ती जांच को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं।