‘यमुना के पानी में जहर’ मामले में बीजेपी सांसदों ने की केजरीवाल पर आपराधिक षडयंत्र रचने और अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज करने की मांग

हरियाणा पर दिल्ली में जहर मिलाकर पानी देने और नरसंहार की साजिश रचने के आप संयोजक के आरोप पर हरियाणा के भाजपा सांसदों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने केजरीवाल पर आपराधिक षडयंत्र रचने और अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामले में हरियाणा के भाजपा सांसदों ने दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता की।

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान से हरियाणा के लोगों को परेशानी हुई. मात्र 300 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है और दिल्ली को वेस्ट यमुना केनाल से 10 हजार क्यूसेक पानी दे रहे हैं। यमुना के साथ भाखड़ा बांध से भेजते हैं। यह पानी भी दो लाइन से इस केनाल से दिल्ली के चार जल शोधन संयंत्र से मिलता है।

हरियाणा से दिल्ली को शुद्ध पानी मिलता है। वहीं, दिल्ली से हरियाणा को 700 क्यूसेक दूषित पानी मिलता है। हरियाणा अपने हिस्से का तीन सौ क्यूसेक पानी दिल्ली को देता है। वेस्ट केनाल से ही गुरुग्राम और सोनीपत को भी पानी मिलता है। दिल्ली वालों की सेहत सुधारने पर केजरीवाल का ध्यान नहीं है। वह सिर्फ अफवाह फैलाते हैं।

वहीं इस दौरान सांसद किरण चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के पद पर रहे हुए व्यक्ति दो राज्यों को लेकर बार्डर आतंकवाद की बात कर रहा है। हरियाणा में पानी बिल्कुल साफ, लेकिन दिल्ली में वजीराबाद के बाद प्रदूषित। दिल्ली में 37 में से मात्र 17 एसटीपी काम कर रहे हैं। यमुना साफ करने का दावा पूरा नहीं किया। दिल्ली से पलवल और नूंह में पानी बिल्कुल दूषित मिलता है। केजरीवाल अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली के लोग इनसे परेशान हैं इस कारण वह झूठ बोलकर डर पैदा करना चाहते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद रामचन्द्र जांगड़ा ने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा पर दिल्ली में नरसंहार का आरोप लगाया है। यह गंभीर आरोप है। केजरीवाल उस इंजीनियर का नाम बताए जिसने जहरीले पानी का पता किया और पानी का नमूना दें.  अगर हरियाणा की सीमा में पानी साफ है तो केजरीवाल पर अफवाह फैलाने और साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। अपराधिक षडयंत्र का मामला दर्ज हो। केजरीवाल शहरी नक्सली हैं। जांगड़ा ने कहा कि हार देख मानसिक संतुलन खो दिए हैं।

भाजपा प्रवक्ता राजीव जेटली ने आप संयोजक केजरीवाल पर शीशमहल को लेकर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को मालूम है कि वह दिल्ली वालों को साफ पानी नहीं दे सकते हैं, इसलिए अपने शीशमहल में 15 लाख का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया है।

हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि आतिशी ने फिर पानी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ ने कल पुष्टि की है कि दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया नामक जहर मिला हुआ है. केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को संबोधित करते हुए कहा कि पानी पर राजनीति मत करिए. हमें डराने की कोशिश मत करिए कि आप केस कर देंगे। मैं दिल्ली के लोगों को मरने नहीं दूंगा।

Read Previous

श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों पर की गोलीबारी, दो घायल; पड़ोसी देश के कार्यवाहक राजदूत को किया गया तलब

Read Next

महाकुंभ मेला में संगम तट पर मची भगदड़, 14 लोगों की हुई मौत व कई जख्मी; CM योगी के आश्वासन के बाद जारी रहेगा अखाड़ों का अमृत स्नान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular