दिल्ली विधानसभा चुनाव मतगणना से पहले राजधानी में सियासी पारा गर्म है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके उम्मीदवारों से भाजपा संपर्क कर रही है और 16 प्रत्याशियों को 15-15 करोड़ रुपये लेकर भाजपा में शामिल होने के लिए कहा गया है। इसके बाद भाजपा ने दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की। एलजी ने आप के इन आरोपों की जांच के आदेश दिए।

वहीं इसके बाद एसीबी इस मामले की जांच में जुट गई। एसीबी की एक टीम अरविंद केजरीवाल के घर जा पहुंची और काफी देर बाहर खड़े रहने के बाद वापस लौट गई। इस बीच एसीबी की टीम ने पूछताछ के लिए केजरीवाल को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि किस-किस को 15 करोड़ रुपये का ऑफर मिला है उनके नाम बताएं। नोटिस में उन सभी 16 उम्मीदवारों की जानकारी मांगी है, जिसने पास ऑफर का फोन आया था।
आप पार्टी के लीगल हेड संजीव नासियार ने कहा कि पिछले 1.5 घंटे से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम यहां पर बैठी हुई थी। जब वे यहां आए तब उनके पास न कोई स्टैंप थी, न कोई पेपर था और न ही कोई नोटिस था। उन्होंने ऊपर से निर्देश लिया और डेढ़ घंटे में नोटिस बाहर से तैयार करके मंगवाया गया। वे नोटिस तामील करके गए हैं जिसका हम जवाब देंगे।
वहीं पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा इस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। भाजपा विधायकों की खरीद करने वाली और तोड़-फोड़ करने वाली पार्टी है। उन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश की सरकार गिराई, क्या उनके बारे में आपको प्रमाणपत्र चाहिए कि वे भ्रष्ट पार्टी नहीं है? संजय सिंह ने कहा कि हमने उस पूरे मामले की शिकायत खुद से दी है और जांच की मांग की है। हमने वो नंबर दिया है जिससे फोन आया था उसकी जांच की जाए।
दूसरी ओर कालकाजी से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हार स्वीकार कर ली है। ये बाद में कहेंगे कि ईवीएम खराब हो गई थी। ऐसा कब तक चलेगा? इसकी जांच होनी चाहिए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो हमेशा झूठ बोलते हैं। आज तक अरविंद केजरीवाल ने जो कहा है, वह कुछ नहीं किया है।
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाया और भाजपा ने एसीबी को शिकायत की। केवल मीडिया में छाने के लिए क्या वे भाजपा के खिलाफ किसी भी तरह का आरोप लगा देंगे? उनका आरोप भी वैसा ही है जैसा उन्होंने यमुना के पानी में जहर होने का दावा किया था। अब जांच का सामना करते हुए उनकी हवा निकल रही है?। कल 11 बजे के बाद झूठ बोलने वालों और भ्रष्टाचार करने वालों का ये पूरा समूह दिल्ली से विदा हो जाएगा।