
आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च को होने जा रहा है और दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। टीम ने इस सीजन के लिए अक्षर पटेल को अपनी कमान सौंपने का फैसला लिया है। अक्षर पटेल, जो पहले से ही दिल्ली की रीढ़ की हड्डी बने हुए हैं, उन्हें कप्तान के रूप में चुना गया है। इससे पहले, ऋषभ पंत टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन इस सीजन में वे लखनऊ सुपर जांयट्स का हिस्सा बन गए हैं। अब दिल्ली के फैंस का इंतजार खत्म हो गया है, क्योंकि केवल दिल्ली ही ऐसी टीम थी, जिसने अभी तक अपने कप्तान का ऐलान नहीं किया था।
अक्षर पटेल ने अब तक आईपीएल में 150 मैच खेले हैं और 131 की स्ट्राइक रेट से 1653 रन बनाये हैं। इसके अलावा, उन्होंने 7.28 के इकॉनमी रेट से 123 विकेट भी लिए हैं। हालांकि, उन्हें कप्तानी का अनुभव नहीं है, लेकिन अपनी ऑलराउंड क्षमता और टीम के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए दिल्ली ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। अक्षर पटेल 31 साल के हैं और पिछले 7 सीजन से दिल्ली के साथ जुड़े हुए हैं।
इससे पहले, आईपीएल 2025 के लिए केएल राहुल का नाम भी कप्तानी के रेस में था। राहुल को आईपीएल में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जांयट्स की कप्तानी का अनुभव है, और उन्हें दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाने की चर्चा भी हो रही थी। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल ने टीम का नेतृत्व करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मैनेजमेंट ने अक्षर पटेल को कप्तान बनाने का फैसला किया।
दिल्ली ने इस सीजन के लिए अक्षर पटेल को 16.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इसके अलावा, दिल्ली की टीम में कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, मिचेल स्टार्क, केएल राहुल, जेक फ्रेजर मैक्गर्क, टी नटराजन, करुण नायर, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, फाफ डु प्लेसी, मुकेश कुमार, दर्शन नलकंडे, विपराज निगम, दुष्मंता चमीरा, माधव तिवारी, त्रिपूर्ण विजय, मानवंत कुमार, अजय मंडल, और डोनोवन फरेरा जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।