
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर बड़ा सवाल उठाया है। शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में समय बिताने की बजाय अधिकतर समय वियतनाम में बिता रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को वियतनाम के प्रति अपने असाधारण लगाव का स्पष्टीकरण देना चाहिए।
रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी कहां हैं? मुझे पता चला है कि वह वियतनाम में हैं। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में बहुत समय नहीं बिताते, लेकिन वियतनाम के प्रति उनका प्रेम लगातार बढ़ता जा रहा है। यह सवाल उठता है कि आखिर राहुल गांधी वियतनाम के प्रति इतने आकर्षित क्यों हैं?” प्रसाद ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने नए साल के दौरान भी वियतनाम में 22 दिन बिताए थे, और अब फिर से वह उसी देश में गए हैं। उनके अनुसार, यह असामान्य है, खासकर जब वह देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें भारत में रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को पहले भी निशाना बनाया है। पार्टी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने पिछले वर्ष 26 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर सवाल उठाया था। मालवीय ने कहा था कि जब देश सिंह के निधन पर शोक मना रहा था, राहुल गांधी वियतनाम में नए साल का जश्न मना रहे थे।
इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों का खंडन किया है। पार्टी ने भाजपा पर राहुल गांधी के निजी दौरे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि एक व्यक्ति के तौर पर राहुल गांधी को विदेश यात्रा करने का पूरा अधिकार है, और यह उनकी निजी पसंद है।