
राजधानी दिल्ली में एक ब्रिटिश युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी, जिसके बाद मिलने के लिए भारत आई। दिल्ली के महिपालपुर स्थित एक होटल में युवक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने एक अन्य युवक पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी आरोपी युवक से बातचीत शुरू हुई थी। दोनों ने मिलने का फैसला किया, जिसके बाद युवती ने खुद महिपालपुर स्थित होटल में रूम बुक किया। मंगलवार को जब दोनों होटल पहुंचे, तो थोड़ी देर बाद युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने आरोप लगाया है कि जब वह घटना के बाद होटल के रिसेप्शन तक पहुंची, तो वहां एक अन्य युवक ने उसे लिफ्ट से वापस रूम तक ले जाते समय उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने इस मामले में दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ब्रिटिश हाई कमीशन को भी इस घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।